गाजियाबाद

अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुटता का आह्वान

एंटी क्राइम एंटी करप्शन ट्रस्ट की बैठक में बनी नई रणनीति

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  एंटी क्राइम एंटी करप्शन ऑल इंडिया ट्रस्ट की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बोर्ड बैठक शुक्रवार को लोनी स्थित आशियाना सिटी के कैंप कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा वरिष्ठ पत्रकार मौसम खान ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार, आगामी योजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में देशभर के विभिन्न राज्यों, मंडलों, जिलों और शहरों में संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक पदाधिकारियों एवं वॉलिंटियर्स को जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने संगठन के उद्देश्यों और गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मौसम खान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य देशहित और जनहित में अपराध एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित विभागों के सहयोग से गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना है। बैठक में आतंकवाद, साइबर अपराध, भ्रष्टाचार, नशे की तस्करी, महिला उत्पीड़न, बाल शोषण, जल दोहन, खाद्य पदार्थों में मिलावट और गौहत्या जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई।
नवनियुक्त राष्ट्रीय सलाहकार बिलाल प्रधान ने कहा कि शासन-प्रशासन के सहयोग से अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी तरीके से कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाने और कानून के दायरे में कार्रवाई कराने में सहयोग करने की अपील की।
वहीं यूपी एनसीआर पब्लिक रिलेशन ऑफिसर मेहमूद आलम ने वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, युवतियों एवं महिलाओं से संगठन से जुड़कर अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता अभियान में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ही जनहित में प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सकता है।
बैठक के दौरान संगठन में कई सदस्यों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बिलाल प्रधान को राष्ट्रीय सलाहकार, ताहिर को राष्ट्रीय संगठन मंत्री, मेहमूद आलम को यूपी एनसीआर पब्लिक रिलेशन ऑफिसर तथा मोहम्मद राशिद को नेशनल वॉलिंटियर नियुक्त किया गया। इसके अलावा फुरकान को लोनी नगर सचिव, युनुस को वार्ड नंबर 32 का संगठन प्रचार मंत्री, मोहम्मद इरशाद मलिक को वार्ड नंबर 32 का सचिव तथा कादिर को जिला गाजियाबाद का वॉलिंटियर बनाया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की ओर से परिचय पत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button