1600 विद्यार्थियों ने बनाई नशा मुक्ति की मानव श्रृंखला
एसपी षियाज़ के.एम. ने किया संवाद, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली l मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत शनिवार को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलौंजी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के करीब 1600 छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 – सिंगरौली पुलिस” संदेश प्रदर्शित करती विशाल मानव श्रृंखला बनाई। यह दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। पुलिस अधीक्षक स्वयं भी विद्यार्थियों के साथ मानव श्रृंखला में शामिल हुए और उनके उत्साह व अनुशासन की सराहना की।
इस अवसर पर एसपी षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशीले पदार्थों से दूर रहने, अच्छे मित्रों का चयन करने, जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने तथा खेल, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्रकला, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मानव श्रृंखला में शामिल विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कुमार सोनी, विद्यालय परिवार तथा पुलिस विभाग से उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, नूर आलम, अनूप सिंह एवं आरक्षक अरुण वास्कले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



