जालौन
पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश हुए घायल, दो को घेरकर पकड़ा
थाना कदौरा, एसओजी, सर्विलांस टीम रही मुठभेड़ में शामिल

असलहा, चोरी के उपकरण, नकदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। थाना कदौरा पुलिस एवं एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार अंतर जनपदीय शातिर चोरों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी जबकि दो अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलाह, चोरी के उपकरण, नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को ग्राम बसरेही निवासी विमल सिंह के घर में चोरी की घटना हुई थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना कदौरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी परमिंदर सिंह एवं एसओजी, सर्विलांस प्रभारी रिंकू सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में रिंकू राजपूत उर्फ डूमर तथा राघवेन्द्र राजपूत उर्फ रग्घू के पैर में गोली लगी जबकि शैलेन्द्र यादव और अंकित राजपूत को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रिंकू राजपूत उर्फ डूमर,राघवेन्द्र राजपूत उर्फ रग्घू, शैलेन्द्र यादव तथा अंकित राजपूत शामिल हैं। रिंकू और राघवेन्द्र पर हमीरपुर, महोबा, जालौन एवं बांदा जनपदों के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, लूट, आम्र्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की पूंछतांछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 21 जून की रात ग्राम बसरेही में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तारी के समय वे एक और चोरी की घटना करने की फिराक में थे। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूंछतांछ कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे,चार जिंदा कारतूस,तीन खोखा कारतूस, ताला तोड़ने की रॉड, दो पेचकस, एक प्लास, बैग सहित पांच मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन तथा 50,270 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अलग-अलग अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


