बरेली
शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी सपा: शुभलेश यादव
पुरानी पेंशन लागू करना प्राथमिकता, एमएलसी चुनाव की तैयारी तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सपा जिला कार्यालय सिविल लाइंस में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पत्रकार वार्ता हुई। इसमें जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी मो. दानिश अख्तर मौजूद रहे।
शुभलेश यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने प्रभारियों की घोषणा की है। शिव प्रताप यादव को बरेली मंडल के 4 जिलों का प्रभारी बनाया गया है। कदीर अहमद, संजीव सक्सेना और प्रमोद बिष्ट को बरेली जनपद का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है। जोर अधिक शिक्षकों को मतदाता बनवाने और मतदाता सूची की निष्पक्षता पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल पहले फर्जी मतदाता बनवाता रहा है, इस बार सपा सतर्क रहेगी। शुभलेश ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना शिक्षकों की सबसे बड़ी मांग है। सपा सरकार बनने पर इसे प्राथमिकता से लागू करेगी और शिक्षकों के सभी लंबित मुद्दों का समाधान करेगी।
मो. दानिश अख्तर ने कहा कि सपा हमेशा शिक्षकों की हितैषी रही है। नेताजी मुलायम सिंह यादव के समय लगभग 1000 जूनियर और 300 संस्कृत विद्यालयों को अनुदान सूची में लाया गया। शिक्षामित्रों को सहायक शिक्षक का दर्जा देकर वेतन बढ़ाया गया।
पत्रकार वार्ता को शिव प्रताप यादव, संजीव सक्सेना और प्रमोद बिष्ट ने भी संबोधित किया। इसमें राजेश अग्रवाल, प्रमोद यादव, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, राम प्रकाश लल्ला, सैफ अली खां, अशोक समाजवादी, धर्मेन्द्र लालू, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, भानु प्रताप सिंह, प्रशांत यादव, महेंद्र दिवाकर, आकाश यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




