पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिरनी के छात्र-छात्राओं ने कृषक पाठशाला
नावाडीह का किया शैक्षणिक भ्रमण

श्री विधि से धान की खेती, जैविक कृषि एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिरनी, नावाडीह के कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्र-छात्राओं ने कृषक पाठशाला, नावाडीह का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई तथा खेती को आत्मनिर्भरता और रोजगार का प्रभावी माध्यम बताया गया।
कृषक पाठशाला के अरुण कुमार एवं अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को भ्रमण कराते हुए पौधशाला, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट, जल संरक्षण, समेकित कृषि प्रणाली तथा अन्य कृषि प्रशिक्षण इकाइयों की विस्तृत जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को श्री विधि (SRI) से की जा रही धान की खेती का भी व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। उन्हें बताया गया कि इस पद्धति में कम बीज, कम पानी एवं उचित दूरी पर पौधों की रोपाई कर अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही खेती की लागत कम होने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा पर्यावरण के अनुकूल खेती करने के लाभों की भी जानकारी दी गई।
आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने विद्यार्थियों को कृषि में नवाचार, वैज्ञानिक सोच एवं आधुनिक तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई पीढ़ी को कृषि से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के शिक्षक फुलेश्वर ठाकुर, कविता कुमारी एवं प्रमिता कुमारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है, जिससे उनमें कृषि एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।



