बरेली

मंडलायुक्त ने करी विकास कार्यों की समीक्षा, डीएपी खाद की कमी पर जताई नाराजगी

फार्मर रजिस्ट्री और गन्ना भुगतान में भी लगाई फटकार, समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मंडलायुक्त शम्भु कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त सभागार में अगस्त माह के विकास कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मंडल के विभिन्न जनपदों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और सभी लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएपी खाद की कमी पर सख्ती
बैठक में बरेली और शाहजहांपुर में डीएपी खाद की कम उपलब्धता का मुद्दा उठते ही मंडलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित जिला कृषि अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने तथा सभी समितियों पर खाद की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा कि “खाद को लेकर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
कृषि विभाग की समीक्षा में फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक किसानों की रजिस्ट्री कराने और विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने को कहा। इसकी लगातार मॉनिटरिंग करने और जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में माह में एक बार समीक्षा बैठक कराने के भी निर्देश दिए। खेत तालाब योजना में सभी जनपदों को आवंटित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा एकीकृत बागवानी विकास योजना में अधिक से अधिक लाभार्थियों का पंजीकरण कर विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए।
मत्स्य पालन विभाग में तालाबों का पट्टा न होने पर अधिक पट्टे कराने को कहा। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में बदायूं की धीमी प्रगति पर समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए। किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए संयुक्त विकास आयुक्त को लीड बैंक मैनेजरों से समन्वय करने को कहा।
गन्ना मूल्य भुगतान में देरी पर भी मंडलायुक्त सख्त नजर आए। बहेड़ी एवं नवाबगंज चीनी मिल की प्रगति पीछे पाए जाने पर जिला गन्ना अधिकारी को फटकार लगाते हुए किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त देवेंद्र प्रताप, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी सहित मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button