गाजियाबाद
जन शिक्षण संस्थान ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
825 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद द्वारा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। संस्थान के मुख्यालय शक्तिनगर कॉलोनी, डासना में निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें संस्थान के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। विभाजन के दौरान लगभग डेढ़ करोड़ लोगों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा और उनका जीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ। इसलिए हमें स्वतंत्रता के महत्व और उसके लिए दिए गए बलिदानों को समझते हुए आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। आजादी के 80वें वर्ष में हमें अपने कार्यों को पूरी निष्ठा और लगन से करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए, ताकि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
कई क्षेत्रों में निकाली गई हर घर तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हर घर तिरंगा यात्रा निकाली गई। लोनी क्षेत्र के बंथला राम विहार कॉलोनी, लक्ष्मी गार्डन, बुध नगर, बलराम नगर, लाल बाग कॉलोनी, गिरी मार्किट और बेहटा हाजीपुर सहित भोजपुर के गोविंदपुरी कॉलोनी, सैदपुर, त्योड़ी-तलहटा तथा रजापुर क्षेत्र के शक्तिनगर डासना, मयूर विहार और सिकरोड़ा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया।
यात्राओं में अनुदेशिकाओं और लाभार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा। विभिन्न उपकेंद्रों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों और प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्यालय के कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद जुनैद अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बंथला राम विहार कॉलोनी में स्थानीय सभासद विजय पाल बैसला, त्योड़ी में पूर्व ग्राम प्रधान ताहिर, सैदपुर में ग्राम प्रधान अमरजीत, जबकि लक्ष्मी गार्डन में बबलू शर्मा और रीना शर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
825 लोगों ने लिया कार्यक्रमों में हिस्सा
संस्थान के अनुसार हर घर तिरंगा कार्यक्रम में करीब 320 प्रतिभागियों तथा 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में 450 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अनुदेशक एवं अनुदेशिकाओं सहित कुल 825 लोगों की सहभागिता रही।
मुख्यालय के कार्यक्रम का संचालन रहनुमा और मुस्कान ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन, सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रभारी मोहित, कंप्यूटर ऑपरेटर रहनुमा, लेखाधिकारी रामकुमार चौहान, वाहन चालक राजेश कुमार, कार्यालय सहायक रामराज सहित विभिन्न केंद्रों की अनुदेशिकाओं एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
डासना से सरिता, रसूलपुर-सिकरोड़ा से मुस्कान, मयूर विहार से दानिस्ता, फरीन व अमरीन, ग्राम मसौता से पूजा व बबीता, बंथला से दीपशिखा, लक्ष्मी गार्डन से नीलम श्रीधर, प्रदीप वशिष्ठ, बुध नगर से अर्चना, लाल बाग से इलमा, बलराम नगर से सुषमा त्यागी, गिरी मार्किट से अनीता रोहिल्ला, गोविंदपुरी से अंशु गर्ग, बेहटा हाजीपुर से अंजू व कोमल तथा अल्वी नगर कॉलोनी से सरोज सैनी ने कार्यक्रमों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।



