सड़क जाम सह- पुलिसकर्मी से हाथापाई मामले में नवीनगर मुखिया सहित तीन गिरफतार
Three people including the Navinagar headman were arrested in connection with the road blockade and scuffle with a policeman.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काशीला चेकपोस्ट पर रविवार रात करीब 8:45 बजे सड़क के बीचोंबीच वाहन खड़ा कर जाम करने और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की एवं हाथापाई करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को महिंद्रा एसयूवी 500 वाहन के साथ थाना लाकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति काशीला चेकपोस्ट पहुंचे और अपनी गाड़ी सड़क के बीचोंबीच खड़ी कर यातायात बाधित कर दिया। चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पदाधिकारी के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे वह गिर गए। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन वहां भी कथित तौर पर हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। इसके बाद तीनों व्यक्तियों को उनकी महिंद्रा एसयूवी 500 के साथ मुफस्सिल थाना लाया गया। मामले में दंडाधिकारी बुधराय सोरेन के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में नबीनगर पंचायत के मुखिया मनोज किस्कु का कहना है कि उनकी गाड़ी में एक ट्रक ने धक्का मारा था और ट्रक मौके से भाग गया। इसी वजह से उन्होंने सड़क जाम किया था। हालांकि, पुलिस के अनुसार मौके पर जांच के दौरान वाहन पर ट्रक की टक्कर से होने वाली क्षति या टूट-फूट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद चेकपोस्ट पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



