अमरोहा
मांगें पूरी न होने पर 27 अगस्त से भूख हड़ताल की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर । भारतीय किसान यूनियन शंकर की मासिक पंचायत सोमवार को शिव मंदिर परिसर में आयोजित हुई। पंचायत की अध्यक्षता प्रेमपाल सिंह ने की, जबकि संचालन देवेंद्र चौधरी ने किया। किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
पंचायत के दौरान जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र थाना प्रभारी आदमपुर को सौंपा गया। किसानों ने चचोरा बिजलीघर से पर्याप्त विद्युत आपूर्ति कराने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने तथा जिला सहकारी बैंक रहरा में ऋण के नाम पर कथित अवैध वसूली की जांच कराने की मांग रखी।
इसके साथ ही अवंतिका देवी घाट पर पक्का पुल बनवाने, हरि बाबा धाम जाने वाले कच्चे मार्ग को पक्का कराने, आवारा पशुओं को गोशालाओं में भिजवाने और तहसील स्तर पर फार्मर आईडी की त्रुटियां दूर कराने की मांग भी उठाई गई। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समय से वेतन दिलाने की मांग भी पंचायत में प्रमुखता से रखी गई।
भाकियू शंकर के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र कुमार ने कहा कि यदि 26 अगस्त तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 27 अगस्त से गंगेश्वरी ब्लॉक परिसर में किसान भूख हड़ताल कर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर शीशपाल सिंह, कमल ठाकुर, राकेश कुमार, बालकिशन, मुंशीलाल सहित अन्य किसान मौजूद रहे।



