मंदिर के दानपात्र से चोरी में बाल अपचारी पकड़ा, 1,220 रुपये बरामद
दानपात्र तोड़ने में इस्तेमाल हथौड़ी और पेंचकस भी मिले
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। तितरवाड़ा गांव स्थित मंदिर के दानपात्र को तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले का कैराना पुलिस ने खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई 1,220 रुपये की नकदी के साथ वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी और पेंचकस बरामद किए हैं।
> गांव तितरवाड़ा स्थित मंदिर में 11 सितंबर को दानपात्र से नकदी चोरी होने का मामला सामने आया था। मंदिर संचालक ईश्वर सिंह निवासी तितरवाड़ा ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई तेज की। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस ने जांच के दौरान एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया।पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 1,220 रुपये की चोरी की नकदी मिली। साथ ही दानपात्र तोड़ने में इस्तेमाल की गई एक हथौड़ी और एक पेंचकस भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान को मामले की विवेचना में शामिल कर लिया गया है। बाल अपचारी के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पवन कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल रहे।

