जीएस मेडिकल कॉलेज में फार्माकोविजिलेंस सप्ताह का आयोजन
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया सुरक्षित दवा उपयोग का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। जीएस मेडिकल कॉलेज के औषध विज्ञान विभाग की ओर से 17 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक 6th फार्माकोविजिलेंस सप्ताह का आयोजन किया गया। इस वर्ष आयोजन की थीम “Promoting Rational Use of Medicines through Pharmacovigilance – A Step Towards Safer Healthcare” रही ।
सप्ताहभर चले कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में दवाओं के तर्कसंगत उपयोग, दवाओं से होने वाली प्रतिकूल घटनाओं (Adverse Drug Reactions) की पहचान तथा उनकी रिपोर्टिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के तहत 21 एवं 22 सितंबर को फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योत्सना शर्मा के मार्गदर्शन में एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए विशेष अवेयरनेस सेशन आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. रजनी के. राय ने विद्यार्थियों को फार्माकोविजिलेंस की अवधारणा, दवाओं के प्रतिकूल प्रभावों की पहचान, रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा रोगियों की सुरक्षित एवं प्रभावी चिकित्सा में फार्माकोविजिलेंस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमित मित्तल, डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. अपूर्वा, डॉ. श्रेष्ठा, पीजी डॉ. विवेक तथा नॉन-टीचिंग स्टाफ सुश्री मुस्कान एवं सुश्री रचना का भी सहयोग रहा। विद्यार्थियों को बताया गया कि दवाओं का उचित एवं तर्कसंगत उपयोग उपचार की प्रभावशीलता बढ़ाने के साथ-साथ अनावश्यक दुष्प्रभावों एवं दवा संबंधी जोखिमों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
23 सितंबर को हुआ नुक्कड़ नाटक
फार्माकोविजिलेंस सप्ताह के समापन अवसर पर 23 सितंबर को नर्सिंग विद्यार्थियों ने अस्पताल परिसर में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से दवाओं के सही उपयोग, बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से होने वाले संभावित नुकसान, प्रतिकूल दवा प्रतिक्रियाओं की पहचान और समय पर उनकी रिपोर्टिंग का संदेश सरल एवं रोचक तरीके से दिया गया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सुरक्षित दवा उपयोग के महत्व को प्रभावी ढंग से उजागर किया।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि फार्माकोविजिलेंस केवल प्रतिकूल दवा प्रतिक्रियाओं की रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोगी सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दवाओं के तर्कसंगत उपयोग और ADR की उचित रिपोर्टिंग के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।
जीएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित फार्माकोविजिलेंस सप्ताह ने विद्यार्थियों में “Safe Medicine, Safe Patient, Safer Healthcare” की भावना को मजबूत किया और भविष्य के चिकित्सकों एवं नर्सिंग पेशेवरों को दवा-सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



