घर में सेंधमारी का खुलासा, दो दर्जन से अधिक मुकदमों के शातिर चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बाबूगढ़ पुलिस की कार्रवाई में पीली-सफेद धातु के आभूषण, नकदी, अवैध असलहा और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाबूगढ़ पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी से संबंधित आभूषण, नकदी, अवैध असलहा तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के मुताबिक थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम शाहपुर जट्ट स्थित एक मकान में चोरी की घटना हुई थी। मामले की जांच के दौरान कुचेसर चौपला चौकी इंचार्ज गौरव वशिष्ठ ने कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को एनएच-9 से ग्राम फतेहपुर कुचेसर चौराहा रोड से गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित सामान भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ उर्फ लालबाल पुत्र जमील, निवासी मोहल्ला नवाजीपुरा, सिकंदर गेट, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ के रूप में बताई गई है।
बाबूगढ़ पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार आरोपी के पास से एक पीली धातु का एक लॉंग, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, 2,230 रुपये नकद, अवैध असलहा तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। सभी बरामदगी को संबंधित मुकदमे से जोड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी/चोर है। उसके विरुद्ध जनपद गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट आदि से संबंधित करीब दो दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


