भरत पुर
भुसावर सहित ग्रामीण अंचल में बंदरों के आतंक से मिलेगी निजात
मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिला कलेक्टर भरतपुर को भेजा पत्र, नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। भरतपुर जिले के भुसावर सहित ग्रामीण अंचल में बंदरों के बढ़ते आतंक से आमजन को निजात दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय राजस्थान सरकार ने जिला कलेक्टर भरतपुर को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत मैनापुर, पंचायत समिति भुसावर के पूर्व सरपंच सतीश पाण्डेय द्वारा मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर क्षेत्र में बंदरों के आतंक से आमजन को निजात दिलाने की मांग की गई थी। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिला कलेक्टर भरतपुर को पत्र भेजकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय, जयपुर से 18 सितंबर 2026 को जारी पत्र में जिला कलेक्टर भरतपुर को संबोधित करते हुए कहा गया है कि पूर्व सरपंच सतीश पाण्डेय के प्रार्थना पत्र का अवलोकन कर उसमें वर्णित तथ्यों के अनुरूप परीक्षणोपरांत नियमानुसार कार्रवाई करवाई जाए। पत्र पर मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी (पीसीएस) प्रेम चन्द सोलंकी के हस्ताक्षर हैं। पत्र की प्रतिलिपि पूर्व सरपंच सतीश पाण्डेय को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
अब क्षेत्रवासियों को प्रशासन से उम्मीद
मुख्यमंत्री कार्यालय से पत्र जारी होने के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा। बंदरों के आतंक से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग द्वारा उचित कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।

