सिंगरौली

बैढ़न पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52.90 क्विंटल लोहे का कबाड़ लदी पिकअप जब्त

4.50 लाख रुपये का मशरुका बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। अवैध कबाड़ के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैढ़न पुलिस ने पचौर क्षेत्र में लोहे के स्क्रैप से भरी पिकअप वाहन जब्त की है। पुलिस के अनुसार वाहन और कबाड़ समेत करीब 4.50 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन चालक सहित अन्य संबंधित लोगों के बारे में जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन के आगे पचौर में सड़क किनारे स्थित एक मकान से पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडसी 9165 में लोहे का कबाड़ लोड किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसके बगल में बैठे युवक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अर्जुन मिश्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी गनियारी बताया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें लोहे के एंगल, रेलवे पटरी के टुकड़े, दो बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर, नोजल और पाइप सहित विभिन्न प्रकार का लोहे का कबाड़ मिला। मकान की तलाशी में भी लोहे का स्क्रैप रखा पाया गया।
पुलिस ने कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कबाड़ और पिकअप को बलियरी निवासी करीमुल्ला का बताया तथा फरार चालक का नाम अजीत साहू निवासी सिंगरौलिया बताया।
जब्त कबाड़ को नेशनल धर्मकांटा पर तौल कराने पर उसका वजन 52.90 क्विंटल पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। वहीं पिकअप की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल करीब 4.50 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया।
मामले में अपराध क्रमांक 1295/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार चालक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button