जन समाधान दिवस में सुनी गई आमजन की समस्याएं
Public grievances were heard at the Public Grievance Redressal Day.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त के निर्देशानुसार मंगलवार को उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने अपने कार्यालय कक्ष में जन समाधान दिवस आयोजित कर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जन समाधान दिवस में अत्यधिक तबीयत खराब होने के कारण SIR कार्य से मुक्त करने, शेरशाहबादी जाति प्रमाणपत्र निर्गत करने, जमीन म्यूटेशन रद्द करने सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। उप विकास आयुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक आवेदन की तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।



