गाजियाबाद
“एक बात कहूं गर मानो तुम… पहले शब्दों का वजन तो तौलो तुम
लोनी में 2027 से पहले ही शुरू हुई जुबानी जंग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/गाजियाबाद। 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट अभी दूर है, लेकिन लोनी की सियासत में गर्मी मार्च की धूप से भी तेज हो चुकी है। चुनावी रणभेरी बजने से पहले ही नेता मंचों से कम और मोबाइल स्क्रीन पर ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं। वीडियो संदेशों के जरिए एक-दूसरे पर तंज कसते हुए वे शब्दों की ऐसी आतिशबाज़ी कर रहे हैं, जिसमें मुद्दे कम और कटाक्ष ज्यादा दिखाई दे रहे हैं।
हाल ही में एक नेता ने अपने समर्थकों के बीच शब्दों ही शब्दों में बातों को घुमा फिराकर विरोधियों पर ऐसा निशाना साधा। “एक बात कहूं गर मानो तुम…” को चुनावी हथियार बनाते हुए उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को सलाह देने के बहाने तीखा व्यंग्य कसा। जवाब में दूसरे खेमे ने भी उसी अंदाज में पलटवार करते हुए शब्दों के तीर छोड़े और इशारों-इशारों में चरित्र, कामकाज और काबिलियत पर सवाल खड़े कर दिए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह “ शब्द युद्ध” दरअसल सोशल मीडिया की रणनीति का हिस्सा है, जहां गंभीर बहस की जगह चुटकीले डायलॉग और वायरल वीडियो ने ले ली है। लोनी में विकास, सड़क, पानी और बिजली जैसे मुद्दे फिलहाल बैकग्राउंड म्यूजिक बन चुके हैं, जबकि मुख्य मंच पर स्थानीय नेताओं की शब्दों में नोकझोंक चल रही है।
लोनी की जनता भी इस डिजिटल दंगल को दिलचस्पी से देख रही है। कुछ लोग इसे लोकतंत्र की जीवंतता बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि “नेताओं को एक दूसरे पर छींटाकशी करने से फुर्सत मिले तो इलाके की समस्याओं पर भी सुर मिलाएं।”
चुनावी रणनीति के जानकारों का कहना है कि 2027 की तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है और हर नेता अपने समर्थकों के बीच खुद को सबसे बड़ा ‘शब्दो का सरताज’ साबित करने में लगा है। लेकिन सवाल यह है कि क्या मतदाता इस व्यंग्य-वाण से प्रभावित होंगे या फिर असली मुद्दों की ताल पर वोट की थाप देंगे?
फिलहाल लोनी की सियासत में यही माहौल है—
कोई सलाह के लहजे में तंज कस रहा है,
तो कोई जवाब में व्यंग्य की धार और तेज कर रहा है।
देखना दिलचस्प होगा कि यह शब्दों का संग्राम कब तक सुर में रहता है और कब बेसुरा होकर असली चुनावी बहस की राह पकड़ता है।


