गाजियाबाद
तार जलाने व ई-वेस्ट के साथ नहर किनारे अतिक्रमण का मामला गरमाया
लोनी विधायक ने पुलिस से की दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग।
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर क्षेत्र में अवैध रूप से तार जलाने, ई-वेस्ट जलाने और नहर किनारे अवैध अतिक्रमण के मामलों को लेकर विधायक नंदकिशोर गुर्जर द्वारा पुलिस आयुक्त से शिकायत करने के बाद मामला गरमा गया है। क्षेत्रीय विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस संबंध में पुलिस आयुक्त गाजियाबाद को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि लोनी क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर और आसपास के इलाकों में संगठित माफिया द्वारा बड़े पैमाने पर विधुत तार जलाने, तार छीलने और ई-वेस्ट जलाने का अवैध काम लगातार किया जा रहा है। जिस कारण क्षेत्र में जहरीला धुआं फैल रहा है, जिससे प्रदूषण का स्तर कई बार 500 से भी ऊपर दर्ज किया जा चुका है और लोगों के स्वास्थ्य पर इससे गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
विधायक ने पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब स्थानीय लोग इन अवैध गतिविधियों का विरोध करते हैं तो तार माफिया उनके साथ मारपीट और धमकी देते हैं। 8 मार्च 2026 को भी स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विधायक ने यह भी कहा कि बेहटा हाजीपुर नहर के दोनों किनारों पर सिंचाई विभाग की लगभग 110-110 फीट भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसके अलावा नहर के आसपास नियमों के विरुद्ध अवैध रुप से रोडी, डस्ट और रेत का औद्योगिक व-व्यापारिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तार जलाने, तार छीलने और ई-वेस्ट जलाने की अवैध गतिविधियों को तुरंत बंद कराया जाए, तार माफिया और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा नहर किनारे हुए अवैध अतिक्रमण और कॉल को हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। विधायक ने कहा कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस पूरे प्रकरण में विभागीय समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

