जालौन
पहूज नदी में मृत मगरमच्छ मिलने से हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत
नदियापार क्षेत्र के कई गांवों में फैली दहशत, प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुरा (जालौन)। विकास खंड रामपुरा के नदियापार क्षेत्र में बहने वाली पहूज नदी में एक मृत मगरमच्छ मिलने से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है और लोग नदी किनारे जाने से भी कतराने लगे हैं।
बुधवार सुबह ग्राम बुढ़ेरा के समीप नदी किनारे एक मृत मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही यह खबर तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई। निनावली जागीर, किशनपुरा, कूसेपुरा, बूढ़ेरा, कर्रा और मई सहित कई गांवों के लोग मौके की ओर उमड़ पड़े। मृत मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नदी में मगरमच्छ देखे जाने की चर्चाएं हो रही थीं। कुछ लोगों ने नदी में मगरमच्छ को देखने का दावा भी किया था। ऐसे में अब मृत मगरमच्छ मिलने से आशंका जताई जा रही है कि नदी में और भी मगरमच्छ मौजूद हो सकते हैं। किशन, मंजेश, ओकेन्द्र, उपेन्द्र, कैलाश और महानदर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि अब वे अपने पशुओं को नदी में पानी पिलाने तक से डर रहे हैं। उनका कहना है कि किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है, जिससे जन-धन की हानि का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की सूचना के बावजूद अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है और न ही कोई सुरक्षा या निगरानी व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग व प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें, मृत मगरमच्छ का परीक्षण कराएं तथा नदी में मौजूद अन्य मगरमच्छों की तलाश कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों में व्याप्त भय को दूर किया जा सके।


