गाजियाबाद
लोनी में हनुमान जन्मोत्सव पर यात्राओं की गूंज
अलग-अलग संगठनों की ताकत का प्रदर्शन, बदलते सियासी समीकरणों के संकेत
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : रविवार को लोनी क़स्बा पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया, जब क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और अलग-अलग संगठनों द्वारा निकाली जा रही हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित यात्राओं में शामिल हुए। इस दौरान पूरे इलाके में बजरंग बली के जयकारों, पुष्प वर्षा और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल द्वारा निकाली गई यात्रा में स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। वे हाथ में धर्म ध्वजा लेकर पैदल चलते दिखाई दिए, जबकि उनके साथ चल रहे कार्यकर्ता रास्ते भर पुष्प वर्षा करते हुए यात्रा को आगे बढ़ा रहे थे। यात्रा में शामिल लोगों ने धार्मिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।
वहीं दूसरी ओर, हिंदू रक्षा दल की ओर से निकाली गई धर्मोदय यात्रा ने भी क्षेत्रवासियों का खासा ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू करा दी है।कि यात्रा में शामिल बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को लेकर यह सवाल उठने लगा है कि क्या लोनी क्षेत्र में पारंपरिक हिंदूवादी संगठनों या सत्ताधारी दल के प्रति लोगों का रुझान धीरे धीरे बदल रहा है।स्थानीय जानकारों का मानना है कि हिंदू रक्षा दल की यात्रा में अपेक्षाकृत अधिक भीड़ जुटना इस बात का संकेत हो सकता है कि संगठन क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। इसके विपरीत, विहिप और बजरंग दल की यात्रा में अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई देने से भी कई तरह की राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं।इसके साथ ही सत्ताधारी दल के भीतर आपसी समन्वय की कमी की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि आंतरिक खींचतान के कारण जमीनी स्तर पर संगठनात्मक मजबूती प्रभावित हो रही है, जिसका फायदा अन्य संगठन उठा सकते हैं।कुल मिलाकर, लोनी में निकली इन धर्मोदय यात्राओं ने न केवल धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन किया, बल्कि क्षेत्र के बदलते राजनीतिक समीकरणों की ओर भी इशारा कर दिया है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि इन संकेतों का स्थानीय राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

