जालौन
जालौन में बैटरी दुकान में भीषण आग, 20-25 लाख का नुकसान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन- जिले के कोतवाली क्षेत्र जालौन के अंतर्गत नगर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तहसील रोड स्थित प्रिंस बाबा बैटरी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया।
बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक के अनुसार इस हादसे में लगभग 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, खास बात यह है कि दुकान में विद्युत कनेक्शन नहीं था और वहां सोलर पैनल लगे हुए थे। आग की इस घटना में दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और हार्डडिस्क भी जलकर नष्ट हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद देर रात तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही, जबकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।


