ललितपुर
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज न होने का लगाया आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। जखौरा क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, मृतक के परिजनों ने थाना जखौरा पुलिस पर अब तक रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाया है। जखौरा निवासी जितेन्द्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 10 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9.30 बजे उनके पिता महेश प्रसाद झां सड़क किनारे खड़े थे। तभी सतगता-सीरोनजी रोड की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल (नंबर यूपी 94 वाई 1381) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार मौके पर मौजूद रिश्तेदार ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां वेंटिलेटर की सुविधा न मिलने पर उन्हें गंगा अस्पताल झांसी में भर्ती कराया गया, जहां से आगे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। भोपाल के अस्पतालों में इलाज के दौरान 23 अप्रैल 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। पीडि़त परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना 12 अप्रैल को थाना जखौरा में दी गई थी, जबकि दूसरी बार 26 अप्रैल को भी जानकारी दी गई, इसके बावजूद अब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।



