शामली
खंद्रावली हत्याकांड: इनामी आरोपी अब भी फरार, पुलिस की दबिश जारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन देर शाम तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
ज्ञात हो कि गांव खंद्रावली निवासी 24 वर्षीय आशु पुत्र वीरेंद्र की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभ में घटना को हादसा माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या का निकला।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने चौकी के सामने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर क्षेत्र निवासी आकाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी शंकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी शंकर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
