बाराबंकी
बाराबंकी में दर्दनाक हादसा
तेज रफ्तार बोलेरो ने दो सगे भाइयों को रौंदा, दोनों की मौत से गांव में मातम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जिससे परिवार और गांव में कोहराम मच गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
यह हादसा ग्राम पंचायत फूलपुर के पास मोहम्मदपुर खाला चौराहे पर हुआ। जानकारी के अनुसार हनीफ के पुत्र इस्लामुद्दीन (25 वर्ष) और ईखलासुद्दीन (19 वर्ष) रविवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से फतेहपुर दवा लेने जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो संख्या UP 32 GS 1426 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ईखलासुद्दीन के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि इस्लामुद्दीन का एक पैर कट गया और दूसरा पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ईखलासुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में इस्लामुद्दीन को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
दोनों सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में हर आंख नम दिखाई दी। मृतक इस्लामुद्दीन परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और उसी के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं।
गांव प्रधान मोहम्मद असलम ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार पूरी तरह इस्लामुद्दीन पर निर्भर था, इसलिए सरकार को आगे आकर मदद करनी चाहिए।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बोलेरो चालक आलोक सिंह निवासी कसौजा थाना मोहम्मदपुर खाला पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी मोहम्मदपुर खाला ने भारी पुलिस बल तैनात कर हालात को शांत कराया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द उचित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।




