जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
Major police action against cyber criminals in Jamtara

नेशनल प्रेस टाइम संवाददाता सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में साइबर ठगी का गिरोह सक्रिय है। इसके बाद पु०नि० राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पहली कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड गांव में की गई, जहां विष्णु मंडल के घर से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं सियाटांड़ और झिलुवा जंगल क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया। इसके बाद नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियाँ गांव में छापेमारी कर दो और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास तथा पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विश्वजीत दास शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और एटीएम या डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद फ़ोन पे, और गूगल पे, के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी लोगों को ठगने का काम किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुछ आरोपी पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।



