जालौन
11 करोड़ की नजूल भूमि पर 35 साल से कब्जा, नगर पालिका ने जारी किए नोटिस
पट्टे की अवधि 1988 में हुई समाप्त, 10 कब्जाधारकों को एक माह का अल्टीमेटम; कार्रवाई की चेतावनी से मचा हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की नजूल भूमि पर पिछले 35 वर्षों से चले आ रहे कब्जे के मामले में नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। पालिका प्रशासन ने गाटा संख्या 892 की 2750.76 वर्गमीटर नजूल भूमि पर कब्जा किए लोगों को नोटिस जारी कर एक माह के भीतर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। साथ ही भूमि की सीमा पर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार उक्त भूमि के पट्टों की अवधि 30 जून 1988 को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद भूमि पर बने धर्मशाला, दुकानों एवं अन्य निर्माणों का उपयोग लगातार किया जा रहा है। पट्टाधारकों द्वारा समय-समय पर नवीनीकरण के लिए आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक किसी भी पट्टे का नवीनीकरण नहीं हो सका है।
सरकारी अभिलेखों के अनुसार 2750.76 वर्गमीटर नजूल भूमि की कीमत लगभग 11 करोड़ 59 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य इससे कहीं अधिक बताया जा रहा है। आरोप है कि वर्षों से कब्जाधारक इस भूमि का व्यावसायिक उपयोग कर लाभ कमा रहे हैं, जबकि सरकार को कोई राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा।
नगर पालिका परिषद ने गाटा संख्या 892 से जुड़े 11 कब्जाधारकों में से 10 को नोटिस जारी कर एक माह का समय दिया है। इसके साथ ही भूमि पर चेतावनी बोर्ड लगाकर आगे की कार्रवाई के संकेत भी दे दिए गए हैं। पालिका की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जाता है कि उक्त भूमि पर अहमद हसन, शंकरलाल, मुरलीधर, गोविन्दशरण, तारावाई, किशोरी, नत्थू, श्याम बाबू एवं अन्य लोगों का कब्जा दर्ज है। मामले को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर जारी है।
प्रशासन की भूमिका पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पट्टों की अवधि समाप्त हुए 35 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन प्रशासन न तो पट्टों का नवीनीकरण कर सका और न ही भूमि को कब्जामुक्त करा पाया। इससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान हुआ है।
क्या बोले ईओ
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि शासन एवं मंडलायुक्त के निर्देशों के क्रम में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कब्जाधारकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं तथा चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

