
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। चिनाई कार्य के लिए दिए गए एडवांस रुपये वापस मांगने पर एक ठेकेदार के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आलदरम्यान (इकबालपुरा) निवासी नौशाद पुत्र वहीद ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह चिनाई ठेकेदारी का कार्य करता है। करीब छह माह पूर्व उसने मोहल्ले के ही गुलफाम को चिनाई कार्य पर लगाने के लिए 30,500 रुपये एडवांस दिए थे। इसमें 25 हजार रुपये नकद तथा 5,500 रुपये फोनपे के माध्यम से दिए गए थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद गुलफाम न तो काम पर गया और न ही रुपये वापस किए। पीड़ित के अनुसार 30 मई की शाम करीब 6:10 बजे उसने गुलफाम से अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और फोन कर बाबू तथा राशिद को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की तथा नुकीले पंच और लोहे की चेन से हमला कर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर नौशाद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर गुलफाम, बाबू और राशिद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
