गाजियाबाद
पूर्व सभासद ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर से की अवैध निर्माण कार्य पर कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : नगर पालिका परिषद की पूर्व सभासद निशा सिंह ने लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संदेश भेजकर वार्ड संख्या-33 सहित डीएलएफ अंकुर विहार, वेद विहार, रेल विहार, आकाश विहार, हयात कॉलोनी आदि क्षेत्रों में हो रहे अवैध निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
निशा सिंह ने अपने संदेश में कहा कि क्षेत्र में वर्षों से अवैध रूप से बहुमंजिला फ्लैट और इमारतें बनाई जा रही हैं। बिल्डर आम लोगों को सपने दिखाकर अपने फ्लैट बेच रहे हैं, जबकि इस क्षेत्र में निर्माण कार्य नियमों के विपरीत होना बताए जा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में यदि प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई तो वहां रहने वाले लोगों को इसमें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने विधायक नंदकिशोर गुर्जर से अनुरोध करते हुए कहा कि जिस प्रकार कच्ची कॉलोनियों में लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है, उसी प्रकार अवैध फ्लैट निर्माणों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं ताकि अन्य नागरिक ऐसे निर्माणों में फंसने से बच सकें।
पूर्व सभासद ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में करीब 50 स्थानों पर अवैध निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी हैं, लेकिन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और स्थानीय पुलिस द्वारा इनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा केवल कागजों में ध्वस्तीकरण होना दर्शा दिया जाता है।
निशा सिंह ने इस मामले में संलिप्त अधिकारियों पर सांठगांठ और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विधायक से कहा कि यदि आवश्यक हो तो वह अवैध निर्माणों के फोटो और अन्य जानकारी भी उपलब्ध करा सकती हैं।
क्षेत्र में लगातार उठ रहे अवैध निर्माणों के मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
