अमरोहा

भदौरा के जंगल में मांस से लदी लावारिस कार मिलने से हड़कंप

ग्रामीणों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम भदौरा के जंगल में भदौरा-सहेलिया मार्ग पर मंगलवार सुबह मांस से लदी एक लावारिस आर्टिका कार मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और लोगों ने मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की।
जानकारी के अनुसार मंगलवार प्रातः किसान सिंचाई के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक आर्टिका कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। कार के एक तरफ के दोनों पहिए चकमार्ग से नीचे उतरकर पानी भरे खेत में फंस गए थे। सूचना आसपास के किसानों में फैलने पर भदौरा एवं नगलिया मुंशी के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना राष्ट्र सेवी संगठन के संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा को दी।
उनके द्वारा थाना सैदनगली पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन की जांच की। कार के अंदर एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। बाद में ट्रैक्टर की सहायता से वाहन को बाहर निकालकर थाने ले जाया गया।
पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर वाहन में मिले मांस के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस मोबाइल फोन और वाहन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
उधर क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 11 जून को प्रातः 11 बजे सीओ हसनपुर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button