जालौन
सर्वोच्च न्यायालय के समाधान समारोह में सुलह-समझौते से होगा लंबित मामलों का निस्तारण
21 से 23 अगस्त तक आयोजित होगा विशेष अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव शाम्भवी ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के तत्वावधान एवं माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को ‘‘समाधान समारोह’’ का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष पहल का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराना है। सचिव ने बताया कि जिन पक्षकारों की पत्रावली सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है और वे आपसी सहमति से अपने वाद का निस्तारण कराना चाहते हैं, वे समाधान समारोह के लिए अपनी पत्रावली चिन्हित करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित पक्षकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जालौन के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं अथवा अपने विद्वान अधिवक्ता के माध्यम से भी पत्रावली चिन्हित करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाधान समारोह न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे समय न्यायिक प्रक्रिया की बचत के साथ दोनों पक्षों को आपसी सहमति से न्याय प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। सचिव शाम्भवी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिनके मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वह इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समय रहते अपनी पत्रावलियों को समाधान समारोह के लिए चिन्हित कराकर सुलह-समझौते के माध्यम से अपने वादों के निस्तारण की प्रक्रिया में सहभागी बनें।



