
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। नगर के एक गेस्ट हाउस में आयोजित निषाद पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और अपने मताधिकार का महत्व समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी तभी संविधान में मिले अधिकारों और योजनाओं का पूरा लाभ समाज तक पहुंच सकेगा।
गुरुवार को टरननगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि समाज के पूर्वजों ने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन आज भी समाज का बड़ा वर्ग आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने वर्षों तक निषाद समाज के वोट तो लिए, लेकिन उसके अनुरूप सम्मान और भागीदारी नहीं दी। कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने मताधिकार का सही प्रयोग करे तथा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाए। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने घर पर पार्टी का झंडा लगाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने निषाद समाज का समर्थन तो लिया, लेकिन समाज के हितों की अनदेखी की। सम्मेलन का संचालन देवदत्त निषाद ने किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता पंडित श्याम सुंदर दमरस, जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश निषाद, समर सिंह निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज निषाद सहित अन्य नेताओं ने कैबिनेट मंत्री का फूलमालाओं से स्वागत किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान अतिरिक्त निरीक्षक अवनीश कुमार शुक्ला तथा उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में संजय निषाद ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव निषाद पार्टी, भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें चार सीटों पर जीत मिली थी। इसी राजनीतिक भागीदारी के आधार पर प्रदेश सरकार में निषाद पार्टी को प्रतिनिधित्व मिला है।


