हापुड की जिला पूर्ति अधिकारी पर मां ने दर्ज कराया मुकदमा
15 लाख रुपये खाते में डलवाने और जमीन हड़पने की साजिश का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
हापुड़ – हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) एवं एलाइड पीसीएस अधिकारी सीमा चौधरी के खिलाफ उनकी मां ने सहारनपुर के सरसावा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी समेत पांच लोगों ने मिलकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची, बिना अनुमति उनके बैंक खाते का इस्तेमाल किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी है ।
एफआईआर के अनुसार, सरसावा थाना क्षेत्र के मीरपुर-सीतापुर गांव निवासी मुनेश रानी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी, संजीव कुमार चौधरी, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार ने मिलकर उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई। शिकायत में दावा किया गया है कि उनकी जानकारी के बिना बैंक खाता खुलवाया गया और उसमें 15 लाख रुपये जमा कराए गए। पीड़िता का आरोप है कि यह रकम बेटी की कथित अवैध कमाई थी, जिसे छिपाने के लिए उनके खाते का इस्तेमाल किया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा किया गया और विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
सहारनपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, मामले में पक्ष जानने के लिए हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। न ही वह जिला पूर्ति कार्यालय में मिलीं ।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


