
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। जनपद जालौन में पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के रूप में अजय कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने स्थानांतरित हुए सीओ शैलेंद्र वाजपेई का स्थान लिया है। इससे पूर्व वह अयोध्या में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी न्याय दिलाना होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि थानों पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध, बाल अपराध, साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंस’ की रहेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीओ अजय कुमार सिंह ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि जनसहयोग से ही अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था कायम की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की।
नवनियुक्त क्षेत्राधिकारी के पदभार ग्रहण करने से पुलिस महकमे में नई ऊर्जा का संचार माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।


