जालौन

तहसील, न्यायालय, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्यालयों में हुआ पौधारोपण

एक पेड़ मां के नाम अभियान में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को तहसील, न्यायालय, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्यालयों तथा ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।
सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला जज बृजेंद्र सिंह ने पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में प्रथम अपर जिला जज सतीश चंद्र त्रिवेदी, अपर जिला जज सुरेश कुमार गुप्ता, सीजेएम अभिषेक खरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट निकिता सिंह रहे। तहसील परिसर में एसडीएम राकेश कुमार सोनी एवं सीओ कार्यालय परिसर में सीओ अजय कुमार सिंह ने पौधों का रोपण करते हुए कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद ने पुलिस कर्मियों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सीएचसी में चिकित्सा अधीक्षक  डॉ. केडी गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने पौधे लगाए। इस अवसर पर जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थी महिलाओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे भेंट कर अस्पताल से विदा किया गया। डॉ. केडी गुप्ता ने कहा कि पौधे मानव जीवन का आधार हैं। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों के साथ-साथ एक पौधे का भी पालन-पोषण करना चाहिए, तभी पर्यावरण संतुलित रह सकेगा। वहीं ग्राम छिरिया सलेमपुर में कोटेदार लाखन के यहां पूर्ति निरीक्षक सुशील कुमार ने पौधरोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। इसीक्रम में शासन की महत्वाकांक्षी ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका रीनू पाल, सहायक अध्यापकों, ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को एक-एक पौधा भेंट किया गया। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए कम से कम एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ विषय पर आकर्षक चित्रकला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुति की सभी ने सराहना की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button