श्री गंगा गौशाला कतरास कर केंद् प्रांगण में शुक्रवार को प्रभात शोभा यात्रा एवं भूमि पूजन महोत्सव हर्षो उल्लास के साथ संपन्न हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद । श्री गौशाला, कतरास-करकेंद प्रांगण में शुक्रवार को श्री श्याम गंगा मंदिर का भूमि पूजनोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। विद्वान आचार्य अर्जुन पांडेय के सानिध्य में 11 ब्राह्मणों की टोली ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन कराया। इस अवसर पर गौशाला कमेटी के अध्यक्ष अनिश डोकानियां सहित कई श्रद्धालु सपत्नीक उपस्थित रहे। भूमि पूजन के उपरांत हवन का आयोजन किया गया, जिसमें यजमान के रूप में अनिश डोकानियां, गोविंद खंडेलवाल, जीवन कुमार खंडेलवाल एवं सुरेंद्र कुमार अग्रवाल सपत्नीक शामिल हुए।
इससे पूर्व प्रातः पांच बजे पंचगढ़ी बाजार स्थित रानी सती दादी मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु हाथों में श्याम बाबा का निशान लिए “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयघोष के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होकर श्री गंगा गौशाला पहुंचे। सुसज्जित वाहन पर विराजमान श्री श्याम बाबा के विग्रह के दर्शन के लिए मार्गभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गौशाला पहुंचने पर वर्णपुर के श्री संतोष भाई जी के सानिध्य में 108 आचार्यों द्वारा सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ किया गया। गौशाला प्रांगण में बनने वाले मंदिर में तीन गुंबद बनाए जाएंगे तथा भगवान गणेश, श्री श्याम बाबा, रानी सती दादी, शिव परिवार एवं श्री हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। साथ ही श्री हनुमान मंदिर के पुनरुद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
संध्या चार बजे पद्मश्री चंद्रकांत बलवंत राय सोमपुरा ने प्रस्तावित मंदिर की रूपरेखा का अवलोकन कर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इसके बाद गौशाला परिसर में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया तथा शाम सात बजे आयोजित भजन संध्या में कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक निहाल ठाकरण एवं धनबाद के पंकज शर्मा ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न महतो, बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, डॉ. वी.एन. चौधरी, डी.एन. चौधरी, दीपक अग्रवाल, कृष्ण कन्हैया राय, राजेश सिंघल, उदय वर्मा, विष्णु चौरसिया, पंकज सिन्हा, कैलाश खंडेलवाल, प्रदीप सोनी, राजेश केडिया, आकाश खंडेलवाल, संजय लोयलका, सुमित खंडेलवाल, कमलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




