सिंगरौली

शहर में ऑटो वाहनों की सघन जांच

नियम तोड़ने वालों पर हुई चालानी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा ऑटो वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने यह कार्रवाई की।
यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में सराफा बाजार, अंबेडकर चौक सहित शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऑटो वाहनों की जांच की गई। इस दौरान ऑटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस, बीमा, वाहन दस्तावेज, निर्धारित क्षमता एवं यातायात नियमों के पालन की जांच की गई।

जांच के दौरान कई ऑटो वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल के बजाय मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजार क्षेत्रों में खड़े पाए गए, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। ऐसे वाहन चालकों को समझाइश देते हुए यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को निर्देशित किया कि वे यात्रियों को बैठाने और उतारने के लिए बीच सड़क या व्यस्त चौराहों पर वाहन खड़ा न करें। निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा पूर्ण रखें।पुलिस ने बताया कि सराफा बाजार, अंबेडकर चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में ऑटो के अव्यवस्थित खड़े होने से जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
सिंगरौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों पर यातायात बाधित करने, बिना दस्तावेज वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने सभी ऑटो चालकों एवं नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button