
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। बिडौली मार्ग पर चौसाना बिजलीघर के समीप स्थित करीब 47 बीघा कृषि भूमि पर खड़ी फसल को गुरूवार को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कुर्क कर ग्राम समाज की सुपुर्दगी में दे दिया। यह कार्रवाई बोर्ड ऑफ रिवेन्यू के आदेश के अनुपालन में की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
चौसाना के सुंदरनगर निवासी मक्खन सिंह व अन्य तथा गुरमेज सिंह पक्ष के बीच वर्ष 2001 से पैतृक (वारिसान) संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मामला लंबे समय से बोर्ड ऑफ रिवेन्यू में विचाराधीन था। वादी पक्ष का आरोप था कि गुरमेज सिंह ने तत्कालीन तहसील प्रशासन से मिलीभगत कर भूमि अपने नाम दर्ज करा ली थी और तभी से उक्त भूमि पर खेती करता आ रहा था। बोर्ड ऑफ रिवेन्यू ने एक जून को सुनाए अपने निर्णय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर भूमि का वास्तविक स्वामित्व मक्खन सिंह पक्ष के पक्ष में माना। साथ ही तहसील प्रशासन को खतौनी में वादी पक्ष का नाम दर्ज करने तथा नियमानुसार कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
चूंकि निर्णय के समय भूमि पर प्रतिवादी पक्ष का कब्जा था और फसल खड़ी थी, इसलिए तहसील प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में फसल की कुर्की कर उसे ग्राम समाज की सुपुर्दगी में सौंप दिया। प्रशासन का कहना है कि आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश एवं राजस्व नियमों के अनुरूप की जाएगी। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी वीरेन्द्र कसाना भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। राजस्व विभाग की ओर से कानूनगो बिसम्बर सिंह तथा लेखपाल लोकेश सैनी, अजीत सिंह और अभिलाष सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण रही।