असम

अखिल गोगोई ने बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाया राहत अभियान

सरकार से 10 लाख रुपये की मांग।

 नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो 

असम के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों में से एक राइजोर दल के अध्यक्ष तथा शिवसागर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अखिल गोगोई इन दिनों अपने क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित और सर्वस्व गंवा चुके लोगों की मदद में लगातार सक्रिय हैं। वे प्रभावित गांवों में राहत सामग्री, जरूरी सेवाएं और स्थानीय समन्वय के जरिए पीड़ित परिवारों तक सहायता पहुंचा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, गोगोई ने गुवाहाटी सहित ऊपरी असम के कई क्षेत्रों से शिवसागर के लिए चावल, दाल और अन्य राहत सामग्री की व्यवस्था की और खुद भी हर समय बाढ़ग्रस्त इलाकों का हाल जानने के लिए जगह जगह पर पहुंच रहे हैं । उन्होंने मदद के लिए सार्वजनिक अपील भी की, ताकि राहत कार्यों को और तेज किया जा सके। बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान झेल रहे लोगों के लिए विधायक ने सरकार के सामने 10 लाख रुपये की सहायता राशि का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को तुरंत आर्थिक मदद मिलनी चाहिए, ताकि वे खाने-पीने, दवा और अस्थायी रहने की व्यवस्था कर सकें। अखिल गोगोई ने यह भी कहा कि राहत केवल कागजी घोषणा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जमीन पर तुरंत लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार प्रशासन से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पारदर्शी तरीके से राहत वितरण, नुकसान का सही आकलन और पुनर्वास योजना को प्राथमिकता देने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक की सक्रियता से राहत कार्यों को गति मिली है और इस बजह से पीड़ित परिवारों में कुछ हद तक भरोसा भी जगा है। शिवसागर में बाढ़ की स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है, इसलिए मदद और पुनर्वास की जरूरत बनी हुई है। राहत सामग्री जुटाने के लिए गोगोई ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जनभागीदारी से ही पीड़ितों तक जल्दी और प्रभावी मदद पहुंचाई जा सकती है। इस समय , शिवसागर और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ के कारण जनजीवन अभी भी पटरी पर नहीं लौटा है। खेतों, घरों और रोज़गार को हुआ नुकसान लोगों के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में प्रभावित परिवार सरकार और जनप्रतिनिधियों से ठोस सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button