गोड्डा

पैरडी अंडरपास में जलजमाव के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

एकदिवसीय धरना; रेल रोक आंदोलन की चेतावनी

तीन सूत्री मांगों को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों का प्रदर्शन
 फाटक, लाइट और ओवरब्रिज निर्माण शुरू करने की उठाई मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : जिले के पैरडी गांव स्थित रेलवे अंडरपास में लगातार हो रहे जलजमाव के विरोध में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने तीन सूत्री मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के साथ रेल रोकने को भी बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क पर बने रेलवे अंडरपास में निर्माण कार्य के दौरान भारी अनियमितता बरती गई है। हल्की बारिश होते ही अंडरपास में चारों ओर से पानी भर जाता है, जिससे पांच से छह फीट तक जलजमाव हो जाता है। इससे लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
धरना दे रहे ग्रामीणों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं।
पहली, अंडरपास के स्थान पर तत्काल रेलवे फाटक की व्यवस्था की जाए।
दूसरी, अंडरपास में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट लगाई जाए।
तीसरी, लंबे समय से लंबित ओवरब्रिज निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि जलजमाव के कारण बच्चों की पढ़ाई, मरीजों का अस्पताल पहुंचना और आम लोगों का दैनिक आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। मजबूरी में लोगों को रेलवे ट्रैक पार कर आना-जाना पड़ता है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण अनुज झा ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय विधायक और मंत्री को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद भी एक बार मौके का निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। धरना-प्रदर्शन में बिहार कुमार यादव, अनुज झा, श्यामसुंदर गुप्ता, डीपलाल शाह, आर्यन चंद्रवंशी, तरुण झा, हकीम राम, प्रकाश सिंह, विकास राम, तबरेज अंसारी, गुलाम अंसारी, संदीप झा, हातिम अंसारी, डोमन साह, रविकांत झा, हुरो राम, मिट्ठू पाल, अक्षय झा, मोहम्मद इरशाद आलम, सुधु अंसारी, रोहन शाह, नूर मोहम्मद, जाकिर, सुभाष सिंह, राजकुमार शाह, संजय राजा, पंकज यादव, रोशन झा, शिव शंकर झा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह धरना केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन के साथ रेल रोकने का भी निर्णय लिया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button