बरेली
ब्लिंकिट से ऑनलाइन दवा बिक्री पर बड़ी कार्रवाई
अभिलेखों में गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन पर फर्म का लाइसेंस निलंबित

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। दवाओं के रखरखाव और लेखा-जोखा में अनियमितता को लेकर औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त औषधि संदीप कुमार के निर्देश पर बुधवार को औषधि निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में ब्लिंकिट के माध्यम से ऑनलाइन दवा बेच रही फर्म मेसर्स Moonstone Venture LLP, अपर ग्राउंड फ्लोर, नेकपुर, थाना सुभाष नगर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान फर्म में मौजूद रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट विजय कुमार की उपस्थिति में औषधि विक्रय लाइसेंस और भंडारित एलोपैथिक दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेखों की सघन जांच की गई।
जांच में कई गंभीर खामियां मिलीं। भंडारित 5 प्रकार की एलोपैथिक दवाओं में भिन्नता पाई गई। विक्रय बीजक पर फॉर्म 21 का अंकन नहीं था, फर्म का पता गलत लिखा था और डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं था। शेड्यूल एच-1 रजिस्टर अपडेट नहीं था। एक्सपायरी दवा को अलग से नहीं रखा गया था। कंप्यूटर सिस्टम में दवाओं की बैच नंबर से एंट्री नहीं की गई थी और फ्रिज का भी सही उपयोग नहीं हो रहा था।
इन अनियमितताओं को देखते हुए औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की सुसंगत धाराओं के तहत फर्म पर दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है।
मौके पर तैयार निरीक्षण आख्या को आवश्यक कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त औषधि बरेली मंडल को भेज दिया गया है।




