असम के कामरूप में असम का पहला बेस-आइसोलेटेड मॉडल DEOC हुआ उद्घाटित।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के कामरूप जिले में एक नया आदर्श जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (Model District Emergency Operation Centre—DEOC) मंगलवार को औपचारिक रूप से उद्धाटन किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के सहयोग से एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय प्रांगण में यह केंद्र स्थापित किया। असम सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव व ASDMA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एल चुईटी चांगचन ने कामरूप के जिला आयुक्त और DDMA के अध्यक्ष देव कुमार मिश्रा की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया।यह नया DEOC राज्य में आपदा तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्र की सबसे उल्लेखनीय विशेषता इसमें अपनाई गई बेस-आइसोलेशन तकनीक है — जो भूकंप के दौरान कंपन और ऊर्जा के प्रभाव को कम करके जीवन-आवश्यक अंतर्संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। असम में किसी जिला स्तर के केंद्र में इस प्रकार की उन्नत भूकंप-सहनशील तकनीक का यह पहला प्रयोग है, जो राज्य में आपदा-प्रतिरोधी अवसंरचना के मानकों को ऊंचा करेगा।केंद्र कमरूप जिले के आपदा और आपातकालीन प्रबंधन के लिए एक केंद्रीकृत नियंत्रण तथा समन्वय केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, आग, औद्योगिक दुर्घटनाएँ तथा अन्य आपदाओं के समय यह त्वरित समन्वय, संवाद, सूचना प्रबंधन, स्थिति मूल्यांकन और निर्णय-निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन, चौबीसों घंटे सक्रिय रहने के लिए नियोजित है, ताकि आपात परिस्थितियों में निरन्तर कार्यकुशलता सुनिश्चित की जा सके।DEOC जिला प्रशासन, आपातकालीन सेवाएँ, विभिन्न विभाग, राहत प्रदाता संस्थाएँ तथा अन्य संबंधित हिस्सेदारों के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क सूत्र के रूप में काम करेगा। इससे आपातकालीन समय में सूचना का तीव्र आदान-प्रदान, समेकित राहत अभियान और मानव संसाधन, उपकरण तथा अन्य संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन और भी सुदृढ़ होगा। उद्घाटन समारोह में एल चुईटी चांगचेने ने इस परियोजना की नवोन्मेषी विशेषताओं और भूकंप-संवेदनशील असम के संदर्भ में इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक और भूकंप-प्रतिरोधी निर्माण तकनीक के समावेश ने इस केंद्र को विशेष महत्व प्रदान किया है और इससे आपदा-प्रबंधन टीमों को एक स्थान से समन्वयित, त्वरित व प्रभावी प्रतिक्रिया देने में मदद मिलेगी। समारोह में कामरूप के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभाशिष बरुआ , जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी, अतिरिक्त जिला आयुक्त (DDMA) विक्रम क्षेत्री, ASDMA के अभियान्त्रिक परामर्शदाता राजेश दत्त, DDMA के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. राजीव दत्त चौधरी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।



