हापुड़ कलेक्ट्रेट में मातृशक्ति पर बरसे उपहार
रक्षाबंधन पर महिलाओं को साड़ी-मिष्ठान देकर किया सम्मानित, कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाओं एवं मातृशक्ति के लिए निःशुल्क यात्रा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना और भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना।
रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के बाद मातृशक्ति सम्मान के तहत महिलाओं को उपहार स्वरूप एक साड़ी और मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं, माताओं और बहनों को विशेष उपहार दिया है। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि तक महिलाएं अपने सहयात्री सहित उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उन्होंने कहा कि 29 अगस्त के बाद प्रदेश में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुकी माताओं और बहनों को बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने इस योजना को नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखने और सुनने के लिए सभागार में बड़ी संख्या में महिलाएं उमड़ीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, एआरएम रोडवेज, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सांसद प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।




