समाज को एकजुट करने के लिए निकलेगी सनातन संदेश यात्रा
कैराना पहुंचे महामंडलेश्वर संत संदीप खत्री रविदासाचार्य ने यात्रा को सफल बनाने का किया आह्वान, 18 अक्टूबर से यात्रा होगी प्रारंभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। सनातन समाज में एकता, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी 18 अक्टूबर से सनातन संदेश यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा 17 दिनों में 17 जिलों से होकर गुजरेगी। शनिवार को कैराना पहुंचे संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास विश्वमहापीठ भारत के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर संत संदीप खत्री रविदासाचार्य ने यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
शनिवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास विश्वमहापीठ भारत के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर संत संदीप खत्री रविदासाचार्य के कैराना आगमन पर मोहल्ला आलकलां स्थित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक प्रवीण चौहान के आवास पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनका फूल—मालाओं से स्वागत किया गया। संत संदीप खत्री रविदासाचार्य ने कहा कि आगामी 18 अक्टूबर से सनातन संदेश यात्रा शुरू होने जा रही है, जो हरिद्वार से बनारस जाएगी और 17 दिनों में 17 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य सनातन को एकजुट करने के साथ ही एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से शिक्षा-दीक्षा, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।
यह यात्रा समाज को जोड़ने वाली यात्रा होगी। उन्होंने कहा कि सनातन समाज में जो छिन्न-भिन्न हुआ है, उसे जोड़ने की जरूरत है। आज लोग अपने अंदर की छोटी—छोटी कमियों को तलाशने के बजाय दूसरों में कमियां खोज रहे हैं और विभिन्न धारणाओं के आधार पर समाज को बांटने का काम हो रहा है। ऐसे में समाज को बांटने के बजाय आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति जन्म से बड़ा या छोटा नहीं होता। मनुष्य की पहचान उसके कर्मों से होती है। ऊंचे कुल में जन्म लेने से कोई बड़ा नहीं हो जाता। कर्म ही प्रधान है और जैसा कर्म करेगा, वैसा ही फल भोगेगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान के कोटा, दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में बच्चे कोचिंग के लिए जाते हैं। कई प्रतिभावान बच्चे आर्थिक परेशानियों के कारण उचित सुविधाएं नहीं जुटा पाते। ऐसे निर्धन और प्रतिभावान बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संत रविदास आईएएस एकेडमी का शुभारंभ एक मार्च 2027 को किया जाएगा। एकेडमी में करीब एक हजार निर्धन बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की योजना है। बच्चों के रहने, खाने और शिक्षा की व्यवस्था भी निशुल्क होगी। उन्होंने लोगों से जीवन के अवगुणों का त्याग कर सद्गुणों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही बच्चों और युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प लेने तथा आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि हम दूसरों के अवगुण तलाशने के बजाय उन्हें दूर करने का प्रयास करें और अपने भीतर सुधार लाएं, तो इससे परिवार और समाज दोनों बेहतर होंगे। उन्होंने सभी लोगों से सनातन संदेश यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर चौधरी श्याम सिंह, नादिर राणा, अनिल गुप्ता, राहुल चौधरी आदि मौजूद रहे।

