वियतनाम में मृत राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर लाया गया रांची
The mortal remains of the late Raja Kumar Verma, who died in Vietnam, have been brought to Ranchi.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाया गया। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की। राजा कुमार वर्मा रांची के कैलाश नगर निवासी थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने के लिए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से सहायता मांगी थी। मामले में नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और वियतनामी अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता हवाई अड्डा लाया गया। कोलकाता में आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रांची जिला प्रशासन की ओर से पार्थिव शरीर को पैतृक आवास तक लाने के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई। वही मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।



