पेंशन योजनाओं में आधार व मोबाइल गैप अक्टूबर तक शून्य करने का निर्देश
Directive to eliminate the Aadhaar and mobile linkage gap in pension schemes by October.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने सभी पेंशन योजनाओं में आधार एवं मोबाइल गैप को अक्टूबर 2026 तक शून्य करने का निर्देश दिया। साथ ही डीएलसी सत्यापन कार्य जारी रखने तथा मंईयां सम्मान योजना के वैसे लाभुक, जो पाकुड़ जिले के निवासी नहीं हैं, उनका सत्यापन कराने को कहा। उपायुक्त ने केंद्र प्रायोजित एवं राज्य संचालित योजनाओं के लाभुकों के सत्यापन के लिए प्रखंडवार समिति गठित करने का निर्देश दिया। सभी दिव्यांग पेंशनधारियों को UDID कार्ड एवं आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीम गठित करने को भी कहा। बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा करते हुए बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यालयों में विद्युत कनेक्शन, कंप्यूटर, प्रिंटर तथा आगंतुकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने को लेकर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना की लाभार्थी एक बालिका से संवाद कर उसकी शिक्षा, विकास एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी-कर्मी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं बाल देखभाल संस्थान के कर्मी मौजूद रहे।



