बहराइच
मौसम के उतार-चढ़ाव से मेडिकल कॉलेज में बढ़ रही मरीजों की संख्या

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बहराइच। तराई में मौसम के जारी उतार-चढ़ाव से मेडिकल कॉलेज में लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को चिकित्सकों ने 1500 से अधिक मरीजों की ओपीडी की। जिसमें उल्टी, दस्त, डायरिया के मरीज अधिक आ रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के लिए मरीज व तीमारदारों की भीड़ लग गई। यहां पर परचा काउंटर, पैथोलॉजी व ओपीडी के बाहर मरीजों के साथ तीमारदार मौजूद रहे। ओपीडी में सामान्य मरीजों को दवा लिखी गई, वहीं गंभीर रोगियों को जांच के लिए पैथालॉजी व रेडियोलॉजी विभाग भेजा गया। यही हाल बाल रोग विभाग का भी रहा। यहां पर सुबह से ही परिजन बच्चों का इलाज कराने के लिए भीड़ लगाए रहे। जिसमें पेट दर्द, उल्टी, दस्त, डायरिया व तेज बुखार से ग्रस्त बच्चों की संख्या अधिक रही। सामान्य रोगियों को दवा लिखकर छुट्टी दे दी गई, तो वहीं गंभीर रोगियों को भर्ती किया गया। चिल्ड्रेन वार्ड में कुल 30 भर्ती बच्चों का चिकित्सक इलाज कर रहे हैं। इसी के साथ ही आईसीयू में तेज बुखार व झटके की शिकायत के कुल 22 बच्चों का इलाज किया जा रहा है।



