गोड्डा
उपायुक्त ने किया पथरगामा के चिहारी स्थान के दर्शन सहित कई सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा – उपायुक्त अंजली यादव ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पथरगामा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम, डीएवी स्कूल के संचालक संतोष कुमार महतो सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बारकोप से हुई, जहाँ छात्राओं की उपस्थिति, भोजन, आवासीय व्यवस्था एवं पठन-पाठन की गुणवत्ता की जानकारी ली गई। इसके बाद राजकीय बालिका उच्च विद्यालय पथरगामा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्रखंड सह अंचल कार्यालय, परसपानी होम्योपैथिक कॉलेज तथा प्रसिद्ध चिहारी स्थान का भी निरीक्षण किया गया।
सीएचसी पथरगामा का विशेष निरीक्षण
उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुरुष एवं महिला वार्ड, प्रसव गृह, कोल्ड चेन पॉइंट और दवा भंडार का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की एक्सपायरी तिथि की भी जानकारी ली और केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों की स्थिति का जायजा लिया।
डॉ. मोहन पासवान ने बताया कि एमटीसी केंद्र में इस समय आठ बच्चे भर्ती हैं, जिनका नियमित वजन लिया जाता है। उपायुक्त ने माताओं से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें पोषण आहार और सरकारी सहायता मिल रही है या नहीं। सभी माताओं ने बताया कि उन्हें सभी सुविधाएं समय पर मिल रही हैं।
सीबीसी जांच केंद्र का उद्घाटन
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त महोदया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवीन सीबीसी जांच केंद्र का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन भी किया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. मोहन पासवान ने उपायुक्त के समक्ष एक्स-रे मशीन, जन औषधि केंद्र, एंबुलेंस पार्किंग, चालक की व्यवस्था, कुपोषण उपचार केंद्र एवं स्टाफ क्वार्टर मरम्मत जैसी महत्वपूर्ण जनहित से जुड़ी मांगें रखीं। उपायुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से संज्ञान में लेने का आश्वासन दिया।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण
उपायुक्त ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा कार्यों तथा पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को सुचारू रूप से लागू करने का निर्देश दिया।
किया चिहारी स्थान का दर्शन
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने चिहारी पीठ पहुंचकर माँ चिहारी के गर्भगृह में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने उपायुक्त का भव्य स्वागत किया।




