पुणे में आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बवाल
दौंड तालुका के यवत गांव में भारी पुलिस बल तैनात

पुणे। जिले की दौंड तालुका के यवत गांव में एक युवक की कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट से तनाव पैदा हो गया है। पुलिस ने बताया कि गांव में पहले से ही एक सप्ताह पहले हुई घटना की वजह से माहौल तनावपूर्ण था। कुछ युवाओं ने एक संरचना में तोड़फोड़ की कोशिश की। हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर रखा है।
महाराष्ट्र के पुणे जिले के दौंड तालुका के यवत गांव में एक युवक की कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। गांव में एक सप्ताह पहले ही एक घटना हो चुकी थी, इसलिए वहां पहले से ही माहौल तनावपूर्ण था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, गांव के लोग सड़कों पर उतर आए और कुछ युवाओं ने एक संरचना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, इस घटना में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस की टीम क्षेत्र में मौजूद है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
वहीं इस मामले में पुणे एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया, ‘यहां यवत गांव में दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने अपने व्हाट्सएप/फेसबुक पर एक आपत्तिजनक स्टेटस पोस्ट किया है। शिकायत के बाद युवक को थाना लाया गया। कार्रवाई शुरू की गई। कुछ गांव के लोग भी वहां पहुंचे। हमारी पुलिस टीम ने शांति बनाए रखने के लिए गांव के प्रतिनिधियों के साथ बैठक शुरू की। लेकिन तब तक यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
उन्होंने आगे बताया, एक सप्ताह पहले गांव में एक घटना हुई थी, इसलिए यहां स्थिति पहले से ही तनावपूर्ण थी। तनाव पहले ही बढ़ा हुआ था, इसलिए गांव के लोग सड़कों पर उतर आए और कुछ युवाओं ने एक संरचना में तोड़फोड़ का प्रयास किया। हालांकि, घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है और गांव में गश्त की जा रही है। स्थिति अभी शांतिपूर्ण है।’ उन्होंने अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी भी दी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरे मामले पर क्या कहा
घटना को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, मुझे इस मामले की जानकारी मिली है। जानकारी के अनुसार बाहर से आए किसी व्यक्ति ने आपत्तिजनक स्टेटस पोस्ट किया, जिससे तनाव पैदा हुआ। लोग सड़कों पर निकल आए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ लाठीचार्ज करना पड़ा। स्थिति अब नियंत्रण में है। दोनों समुदाय के लोग एक साथ बैठकर बात कर रहे हैं और तनाव को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
फडणवीस ने कहा, कुछ लोग जानबूझकर ऐसे स्टेटस पोस्ट करते हैं ताकि तनाव फैल जाए, लेकिन उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सिर्फ इसलिए कि कोई सभा या कार्यक्रम हुआ है, क्या किसी को ऐसे उत्तेजक स्टेटस पोस्ट करने की छूट मिल जाती है? किसी को भी इस तरह से किसी धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। इसलिए यह कहना कि तनाव सार्वजनिक सभा के कारण हुआ, पूरी तरह गलत है। फिलहाल इलाके में पूरी तरह से शांति है।
उन्होंने कहा, हमें यह भी जांच करनी होगी कि जो वीडियो क्लिप वायरल हो रही है, क्या वह उसी जगह की है या कहीं और की। कई बार ऐसे मामलों में फर्जी वीडियो भी सामने आते हैं। इसलिए इस पहलू की भी जांच जरूरी है। हमारी एक ही अपील है कि सभी लोग शांति बनाए रखें और कोई भी कानून अपने हाथ में न ले। अगर कोई ऐसा करता है, तो पुलिस उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।


