अमरोहा
सपा कार्यकर्ताओं ने कांशीराम को दी श्रद्धांजलि
अमरोहा की विधान सभा 42 हसनपुर कार्यालय पर 19वें परिनिर्वाण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद की विधान सभा 42 हसनपुर स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) कैंप कार्यालय पर गुरुवार को कांशीराम का 19वां परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें काँठ विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख़्तर ने कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की।कमाल अख़्तर ने कहा कि कांशीराम ने अपना पूरा जीवन वंचित, शोषित, पिछड़े और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समानता, भाईचारे और न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष किया तथा समाज को संगठित होने का संदेश दिया। उन्होंने कांशीराम के योगदान को अविस्मरणीय बताया और कहा कि समाजवादी पार्टी भी सामाजिक न्याय की उनकी विचारधारा पर चलती है। अख़्तर ने कार्यकर्ताओं से कांशीराम के मार्ग पर चलकर समाज के हर वर्ग को जोड़ने और उसकी बेहतरी के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अखिलेश जाटव, नवल जाटव, साजिद खान, पूर्व विधायक पीतम सिंह सहित सपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। सभी ने कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




