पाकुड़ मुफस्सिल क्षेत्र में अवैध लॉटरी और नशे का कारोबार बेखौफ जारी, गरीब तबका बन रहा शिकार
Illegal lottery and drug trade continues unabated in the Pakur district, with the poor becoming victims.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कई पंचायतों में अवैध लॉटरी और नशीली पदार्थों की खरीद-बिक्री का कारोबार अब खुलेआम फल-फूल रहा है। प्रशासनिक सख्ती के बावजूद असामाजिक तत्व गरीब और भोले-भाले लोगों को झूठे सपने दिखाकर उनसे पैसे ऐंठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद यह अवैध धंधा पूरी तरह बंद नहीं हो सका है। हालांकि, पाकुड़ नगर थाना की हालिया छापेमारी में पुलिस ने कई लोगों को सलाखों के पीछे भेजा है, जिससे कुछ सफलता तो मिली है। जानकारों का मानना है कि अगर पकड़े गये आरोपियों के नेटवर्क और फाइनेंशियल कनेक्शन की गहराई से जांच की जाए, तो इस अवैध कारोबार के पीछे के बड़े माफियाओं तक पहुंचना मुश्किल नहीं होगा। गौरतलब है कि जिले के पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र अन्तर्गत पंचायत किस्मतकदमसार में लखनपुर गांव के मकबूल शेख गोलीकांड मामले में पुलिस ने जिस तरह हथियार तस्करों तक पहुंचने में सफलता पाई थी, उसी दृढ़ता और इच्छा-शक्ति के साथ अगर कार्रवाई की जाए तो अवैध लॉटरी व नशे के कारोबार पर भी अंकुश लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों के द्वारा सरकार और प्रशासन से अपील की जा रही है कि इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं और आम जनता को इस जाल से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।



