गाजियाबाद
पूर्वी मुस्तफाबाद में दो वार्डों में बंटी गली के निर्माण की मांग, नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी : पूर्वी मुस्तफाबाद कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में पहुंचकर अध्यक्ष को पत्र सौंपकर दो वार्ड के क्षेत्र में आने वाली अपनी गली के निर्माण की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि इस बदहाल गली के कारण मंदिर और मस्जिद दोनों पवित्र स्थलों पर जाने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित नागरिकों ने पत्र में बताया कि कॉलोनी के समीप स्थित सीतारा मस्जिद के मुख्य द्वार के सामने की गली का आधा हिस्सा वार्ड 54 और आधा हिस्सा वार्ड 4 में आता है। आसपास की सभी गलियों का निर्माण हो चुका है, लेकिन यह गली वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्तमान में मस्जिद के सामने मुख्य मार्ग पर नगर पालिका द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे पहले से नीची और जर्जर यह गली और अधिक नीचे हो जाएगी। इससे जलभराव और आवागमन की समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
मिश्रित आबादी वाली इस गली में स्थित मंदिर और मस्जिद तक पहुंचने में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने शीघ्र गली निर्माण की मांग की है।
गली निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी पवन गुप्ता के नेतृत्व में अनूप शर्मा, सोनू, रजनी, रश्मि, अर्जन, राम गोपाल सहित दर्जनों कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा और विरोध प्रदर्शन किया।
